उत्तराखंड

रोहटा-अटाल मोटर मार्ग के विस्तार को 1.30 करोड़ की मंजूरी।

ब्यूरों रिपोर्ट

देहरादून।  चकराता विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से सड़क सुविधा की मांग कर रहे ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत की खबर है। विकासखंड चकराता के अंतर्गत रोहटा-अटाल मोटर मार्ग के किलोमीटर पांच से 10 किलोमीटर तक विस्तारिकरण कार्य के लिए शासन ने 1 करोड़ 30 लाख 29 हजार रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।

चकराता में सड़क और पर्यटन सुविधाओं को मिलेगी रफ्तार, क्षेत्र के कई गांव होंगे लाभान्वित।

इस स्वीकृति से क्षेत्र के कई गांवों और खेड़ा-मजरों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने का रास्ता साफ हो गया है। सड़क निर्माण से खत भरम के पिंगवा, कुनवा, गोरछा, ठारटा, कांडोई भरम समेत सात गांवों के खेड़े-मजरे लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही खत मशक के रजाणु गांव का खेड़ा और ब्योंद्रा क्षेत्र को भी इसका लाभ मिलेगा।

क्षेत्रीय नेता प्रताप रावत ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज का क्षेत्रवासियों की ओर से आभार जताया। उन्होंने कहा कि रोहटा-अटाल मोटर मार्ग के विस्तार की मांग क्षेत्रवासी लंबे समय से कर रहे थे। सड़क के प्रथम चरण की स्वीकृति वर्ष 2019 में कराई गई थी और अब इसके अगले चरण को भी शासन से मंजूरी मिल गई है।

बिहार गुफा पर्यटन स्थल तक भी बनेगा मोटर मार्ग……!

वहीं, विकासखंड चकराता के ग्राम गोरछा संपर्क मार्ग से बिहार गुफा पर्यटक स्थल तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए भी शासन ने 48 लाख 98 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इससे क्षेत्र के पर्यटन स्थल तक पहुंच आसान होने के साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

क्षेत्रीय नेता प्रताप सिंह रावत ने कहा कि चकराता विधानसभा में सड़क, पर्यटन, सिंचाई और लिफ्ट पेयजल योजनाओं समेत विभिन्न विकास कार्यों को लगातार स्वीकृतियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि रोहटा-अटाल मोटर मार्ग का विस्तार और बिहार गुफा तक सड़क निर्माण क्षेत्र के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने कहा कि वर्षों से चली आ रही क्षेत्रवासियों की मांग का पूरा होना क्षेत्र के लिए खुशी का विषय है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चकराता विधानसभा के विकास के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button