उत्तराखंड

रौद्र रूप में अलकनंदा, बारिश ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें।

ब्यूरों रिपोर्ट

रुद्रप्रयाग। जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। अलकनंदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से वह खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। उफनती नदी के चलते कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि कई घरों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

रुद्रप्रयाग में बारिश का कहर, अलकनंदा उफान पर घरों में घुसा पानी, पुनाड़ गदेरे का पैदल पुल जलमग्न।

बारिश के बीच पुनाड़ गदेरे पर सुविधानगर में बाल्मीकि समाज की बस्ती और जिला अस्पताल को जोड़ने वाला पैदल पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया। पुल डूबने से दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन बाधित हो गया है। स्थानीय लोग सुरक्षित रास्तों की तलाश में जुटे हैं।

लगातार वर्षा से अलकनंदा ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। नदी किनारे बसे परिवारों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है, जबकि पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें अलर्ट मोड पर तैनात हैं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि लगातार बारिश के कारण अलकनंदा का जलस्तर बढ़ा है और पुनाड़ गदेरे का पैदल पुल जलमग्न हो गया है। उन्होंने लोगों से नदी-गदेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button