उत्तराखंड

धामी सरकार ने जारी किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड, रोजगार से लेकर विकास तक गिनाईं 27 बड़ी उपलब्धियां।

ब्यूरों रिपोर्ट

36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी, 3.10 लाख लखपति दीदी बनीं, 3.56 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले; 2047 तक विकसित उत्तराखण्ड बनाने का लक्ष्य।

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए सरकार की प्रमुख उपलब्धियां जनता के सामने रखीं। रोजगार, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आधारभूत ढांचे, पर्यटन और सुशासन के क्षेत्र में हुए कार्यों का ब्योरा देते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार की ओर से जारी रिपोर्ट कार्ड में 27 प्रमुख उपलब्धियों को शामिल किया गया है।

रोजगार के मोर्चे पर सरकार ने 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा किया है। युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 158 विदेशी भाषा प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला। शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखण्ड को राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने वाला पहला राज्य बताया गया। इसके साथ ही 21,743 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। वहीं, प्रदेश देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है।

महिला सशक्तीकरण को सरकार ने अपनी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने के साथ ही 3.10 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का दावा किया गया है। स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। नंदा गौरा योजना के माध्यम से चार लाख से अधिक बेटियों को लाभ पहुंचाया गया है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए रिपोर्ट कार्ड में बताया गया है कि प्रदेश में 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं और 17.36 लाख से अधिक मरीजों को कैशलेस उपचार की सुविधा मिली है। वर्तमान में छह सरकारी मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण जारी है।

किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए आठ लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ दिया गया है। किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने के साथ मंडुवा का समर्थन मूल्य 5,200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। कीवी और ड्रैगन फ्रूट जैसी नकदी फसलों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। पशुपालन के माध्यम से 11,500 से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने का दावा किया गया है।

आवास और सामाजिक सुरक्षा के मोर्चे पर शहरी क्षेत्रों में 53 हजार से अधिक तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 39,815 परिवारों को आवास का लाभ दिया गया है। लगभग 10 लाख लाभार्थियों को प्रतिमाह करीब 148 करोड़ रुपये पेंशन के रूप में वितरित किए जा रहे हैं। वहीं, अंत्योदय योजना के तहत करीब पौने दो लाख परिवारों को साल में तीन मुफ्त गैस रिफिल उपलब्ध कराई जा रही हैं।

निवेश के क्षेत्र में सरकार ने 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त होने और इनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की जानकारी दी। कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सुधारों के तहत समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त नकल विरोधी कानून, भू-कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून लागू करने को प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया गया। इसके अलावा प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने का दावा भी किया गया है।

आधारभूत ढांचे के विकास में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा होने और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा होने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। पर्यटन क्षेत्र में चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने तथा केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं के शिलान्यास का उल्लेख किया गया है। ऊर्जा क्षेत्र में टिहरी की एक हजार मेगावाट क्षमता वाली पंप्ड स्टोरेज परियोजना से वाणिज्यिक उत्पादन शुरू होने को भी बड़ी उपलब्धि बताया गया।

पेयजल योजना के तहत 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को जल कनेक्शन दिए गए हैं। सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए 51 वाइब्रेंट विलेज में 270 करोड़ रुपये की लागत से करीब 200 परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। खेल के क्षेत्र में 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखण्ड के खिलाड़ियों द्वारा 103 पदक जीतने को प्रदेश की बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया गया।

राज्य आंदोलनकारियों के हित में सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू करने और पेंशन में वृद्धि का भी रिपोर्ट कार्ड में उल्लेख है। आर्थिक मोर्चे पर सरकार के अनुसार वर्ष 2024-25 में प्रदेश की जीएसडीपी 3.81 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गई, जबकि प्रति व्यक्ति आय करीब 2.74 लाख रुपये रही। वहीं, अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का संकल्प केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत और समृद्ध उत्तराखण्ड की नींव तैयार करना है। उन्होंने वर्ष 2047 तक प्रदेश को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button