उत्तराखंड

पौड़ी के खांडूसैन में गुलदार का खूनी हमला, साढ़े तीन साल की मासूम को बनाया निवाला!

घर के आंगन में खेल रही बच्ची को उठाकर जंगल ले गया गुलदार, ग्रामीणों में भारी आक्रोश; विधायक का किया घेराव।

पौड़ी। उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पौड़ी जनपद के खांडूसैन क्षेत्र में गुलदार ने एक बार फिर इंसानी बस्ती में घुसकर दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया। यहां घर के आंगन में खेल रही साढ़े तीन वर्षीय मासूम बच्ची पर गुलदार ने हमला कर दिया और उसे उठाकर जंगल की ओर ले गया। इस दर्दनाक घटना में बच्ची की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब पौने छह बजे की है। बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे अपने जबड़े में दबोचकर जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बच्ची की तलाश शुरू की। बाद में बच्ची का शव बरामद हुआ, जिसे घर लाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, डीएफओ सिविल एवं सोयम पवन नेगी सहित वन विभाग के अधिकारी और संबंधित रेंजर भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

मासूम की दर्दनाक मौत से क्षेत्र में शोक के साथ ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे विधायक राजकुमार पोरी का घेराव कर विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों की मांग है कि जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल और डीएफओ स्वयं मौके पर पहुंचें तथा क्षेत्र में गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाएं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने या आवश्यक कार्रवाई करने के साथ ही प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। घटना के बाद खांडूसैन और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। एक मासूम की असमय मौत ने एक बार फिर पहाड़ों में मानव-वन्यजीव संघर्ष और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button