अंकिता की कथित चैट सार्वजनिक करने पर भड़के माता-पिता, गांधी पार्क में धरने पर बैठे।
मुकदमा दर्ज होने तक धरना जारी रखने का ऐलान, कांग्रेस ने भी दिया समर्थन।
देहरादून। अंकिता भंडारी की कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में विनोद आर्य और उनके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर अंकिता के माता-पिता देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देहरादून से हरिद्वार तक कई थानों के चक्कर काटने के बावजूद पुलिस ने उनकी शिकायत पर अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। माता-पिता ने दो टूक कहा कि जब तक मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं होती, उनका धरना जारी रहेगा।
गौरतलब है कि बीते दिनों विनोद आर्य और उनके साथ मौजूद एक अधिवक्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता की कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की थी। इस दौरान अंकिता और उनके कथित मित्र को लेकर की गई टिप्पणियों के बाद विवाद गहरा गया। अंकिता के माता-पिता ने इसे अपनी दिवंगत बेटी की निजता और सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताया है। वहीं, कांग्रेस ने भी गांधी पार्क पहुंचकर धरने को समर्थन दिया और सरकार से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


