विकासनगर में मुस्कान फाउंडेशन का सराहनीय प्रयास, निशुल्क नेत्र शिविर में उमड़ी भीड़।

ब्यूरों रिपोर्ट
विकासनगर क्षेत्र में मुस्कान फाउंडेशन द्वारा आयोजित निशुल्क नेत्र जांच एवं स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आया। शिविर में सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ॰ चिराग पासवान ने लोगों की आंखों की गहन जांच की और आंखों से जुड़ी बीमारियों व बचाव के उपायों की जानकारी दी। वहीं स्वास्थ्य जांच के तहत खून की जांच समेत अन्य चिकित्सीय परामर्श भी निशुल्क उपलब्ध कराया गया।
इस दौरान खुराना ऑप्टिकल की ओर से 50 जरूरतमंद लोगों को मुफ्त चश्मे वितरित किए गए। चश्मे पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने आयोजन की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनसंघर्ष मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा से जुड़े ऐसे आयोजन जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान साबित होते हैं और सामाजिक संस्थाओं को आगे आकर लगातार जनहित में कार्य करना चाहिए।
मुस्कान फाउंडेशन से जुड़े नरेंद्र कुमार राठौर ने शिविर में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन लगातार जनसेवा के उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर रहा है और आगे भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।
शिविर में 86 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराकर निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। पूरे आयोजन के दौरान स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और लोगों ने मुस्कान फाउंडेशन की इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
