उत्तराखंड

सहसपुर में मेडिकल स्टोर संचालक पर ‘तालिबानी’ हमला, इलाके में दहशत।

ब्यूरों रिपोर्ट

देहरादून। राजधानी देहरादून के सहसपुर क्षेत्र के मेदनीपुर-बद्रीपुर में दिनदहाड़े हुई खूनी वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। एक मेडिकल स्टोर संचालक पर धारदार हथियार “पाठल” से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल कारोबारी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

दिनदहाड़े धारदार हथियार से वार, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमला इतना अचानक और खौफनाक था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर खून बिखर गया और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की दुस्साहसिक वारदात ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने पुलिस को दिए सख्त निर्देश, आरोपी परिवार का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने को कहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला बताया जा रहा है, जो करीब 10 से 15 वर्ष पहले सहसपुर क्षेत्र में आकर बसा था। वारदात के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। विधायक ने पुलिस को आरोपी और उसके परिवार का उत्तर प्रदेश सहित उत्तराखंड में भी पूरा आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सनसनीखेज घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button