उत्तराखंड

पछवादून में अवैध प्लाटिंग को लेकर जन अधिकार पार्टी का प्रदर्शन।

ब्यूरों रिपोर्ट

हरबर्टपुर। पछवादून क्षेत्र में कृषि भूमि पर लगातार बढ़ रही अवैध प्लाटिंग और निर्माण कार्यों के विरोध में जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) ने मंगलवार को हरबर्टपुर स्थित एमडीडीए कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने एमडीडीए के सहायक अभियंता शशांक सक्सेना पर भू-माफियाओं से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उनका जूतों की माला पहनाकर प्रतीकात्मक पुतला दहन किया।

एमडीडीए के सहायक अभियंता का पुतला फूंका, भू-माफियाओं से मिलीभगत के लगाए आरोप।

प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के जिला अध्यक्ष नभ बंसल और प्रदेश सचिव अमजद इलाही ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एमडीडीए और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पार्टी पदाधिकारियों का आरोप है कि पछवादून क्षेत्र में कृषि भूमि को बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग में बदला जा रहा है, लेकिन विभाग जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रहा। उनका कहना है कि पहले अवैध प्लाटिंग को खुली छूट दी जाती है और बाद में निर्माण होने पर कार्रवाई एवं चालान के नाम पर लोगों से उगाही की जाती है।

जन अधिकार पार्टी ने आरोप लगाया कि सहायक अभियंता शशांक सक्सेना की नियुक्ति के बाद से क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनाधिकृत प्लाटिंग तेजी से बढ़ी है। पार्टी नेताओं ने कहा कि विभागीय स्तर पर केवल खानापूर्ति की कार्रवाई की जा रही है, जबकि भू-माफियाओं को खुला संरक्षण दिया जा रहा है।

प्रदर्शन के बाद पार्टी पदाधिकारियों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें सहायक अभियंता शशांक सक्सेना को तत्काल पछवादून क्षेत्र से हटाने, अवैध प्लाटिंग और निर्माणों के खिलाफ निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।

इस मौके पर सय्याद अली, इकराम मलिक, सद्दाम, यामीन, तालीम, सलीम, फिरोज, इरशाद, समीर, इकराम, आबाद अली, जुल्फुकार, इमरान, शहजाद और कादिर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) आंदोलन को और तेज करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button