ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी चौकी प्रभारी की स्कॉर्पियो, मौके पर मौत।
ब्यूरों रिपोर्ट
ऋषिकेश। ऋषिकेश क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की मौत हो गई। उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी विनोद शर्मा ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपने कार्यक्षेत्र से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। रात के अंधेरे के कारण घटना की जानकारी तत्काल नहीं मिल सकी। मंगलवार सुबह राहगीरों ने खाई में क्षतिग्रस्त वाहन देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन तक पहुंचकर शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना के समय स्कॉर्पियो में विनोद शर्मा के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी सवार था या नहीं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
मूल रूप से डोईवाला के रानीपोखरी निवासी विनोद शर्मा अपने मिलनसार स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली के लिए पुलिस विभाग में काफी लोकप्रिय थे। पुलिस सेवा में आने से पहले वे भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। उन्होंने ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया था।
उनके आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग, स्थानीय प्रशासन और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक व्याप्त है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें एक समर्पित, अनुशासित और कर्मठ अधिकारी बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

