उत्तराखंड

उत्तराखंड में आतंकी मॉड्यूल की आशंका, STF की जांच में चौंकाने वाले खुलासे।

ब्यूरों रिपोर्ट

रुद्रपुर। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने ऊधम सिंह नगर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर कट्टरपंथी और जिहादी विचारधारा फैलाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से AK-47 के कारतूस सहित कई अवैध हथियार बरामद होने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मानते हुए विभिन्न खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।

जिहादी नेटवर्क पर STF का बड़ा प्रहार: गदरपुर का युवक गिरफ्तार, AK-47 के कारतूस समेत हथियार बरामद।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गदरपुर निवासी अब्दुल मलिक के पुत्र मोहम्मद सलाउद्दीन के रूप में हुई है। STF ने उसे पहले पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया गतिविधियों की पड़ताल में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

STF के अनुसार आरोपी इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर युवाओं को प्रभावित करने और कथित रूप से कट्टरपंथी विचारधारा को बढ़ावा देने का काम कर रहा था। जांच में ऐसे कई ग्रुप और चैट सामने आए हैं जिनमें जिहाद, शहादत और राष्ट्र-विरोधी विचारों से जुड़े संदेश एवं सामग्री साझा की जा रही थी।

सोशल मीडिया नेटवर्क की गहन जांच शुरू…

STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच के दौरान ऐसे डिजिटल साक्ष्य मिले हैं जो युवाओं को चरमपंथी विचारों की ओर आकर्षित करने के प्रयासों की ओर संकेत करते हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपी के सोशल मीडिया नेटवर्क के जरिए अंतरराष्ट्रीय और सीमा-पार कट्टरपंथी तत्वों से संभावित संपर्कों के संकेत भी मिले हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है।

जांच एजेंसियों को हथियारों और विस्फोटक सामग्री के भंडारण तथा उनकी आवाजाही से जुड़ी संदिग्ध बातचीत भी मिली है। इन सभी चैट और डिजिटल रिकॉर्ड की तकनीकी एवं फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।

डिलीट किए गए चैट और यूपी कनेक्शन की जांच….

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने कुछ चैट और संपर्कों को डिलीट कर दिया था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक व्यक्ति के संपर्क में था, जिसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। STF का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई संवेदनशील जानकारियां सामने आई हैं।

पाकिस्तान और मलेशिया से जुड़े हैंडलर पर शक….

प्रारंभिक खुफिया सूचनाओं के आधार पर जांच एजेंसियों को संदेह है कि आरोपी को कथित तौर पर पाकिस्तान से जुड़े तथा मलेशिया में सक्रिय एक हैंडलर द्वारा संचालित किया जा रहा था। जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि किसी विशेष घटना को अंजाम देने की तैयारी की जा रही थी। हालांकि इन सभी तथ्यों की पुष्टि के लिए विस्तृत जांच जारी है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा…..

मामले की गंभीरता को देखते हुए STF ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 एवं 61(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 66(C) और 66(F) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

STF प्रमुख अजय सिंह ने बताया कि मामले से संबंधित सभी खुफिया एजेंसियों और संबंधित विभागों को सूचित कर दिया गया है तथा कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां अब आरोपी के पूरे नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और डिजिटल संपर्कों की गहराई से जांच कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button