उत्तराखंड

भाजपा नेता विनोद कुमार को नम आंखों से दी अंतिम विदाई, बैरागीवाला में सुरक्षा के कड़े इंतजाम।

ब्यूरों रिपोर्ट

विकासनगर। बैरागीवाला गांव में शनिवार देर शाम हुई भाजपा नेता विनोद कुमार की हत्या के बाद रविवार को पूरे क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल देखने को मिला। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विनोद कुमार का पार्थिव शरीर उनके आवास पहुंचाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों, समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

शनिवार देर शाम हुए हमले में विनोद कुमार की मौत हो गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हैं। बैरागीवाला गांव से लेकर अंतिम संस्कार स्थल तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गांव और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है, जबकि वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार का अंतिम संस्कार आसन नदी तट पर किया जाएगा। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए हैं।

हत्या की इस घटना ने पूरे विकासनगर क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों और राजनीतिक संगठनों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

विनोद कुमार की असामयिक मृत्यु से बैरागीवाला सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। अंतिम दर्शन के दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा, जबकि समर्थकों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button