गर्भवती बहन को डिलीवरी के लिए एम्स लाया था होमगार्ड जवान, सुरक्षा कर्मियों पर मारपीट का आरोप।
ब्यूरों रिपोर्ट
ऋषिकेश/हरिद्वार। देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में शुमार एम्स ऋषिकेश एक बार फिर विवादों में घिर गया है। इस बार मामला हरिद्वार जनपद के बहादराबाद निवासी एक होमगार्ड जवान और उसकी गर्भवती बहन के साथ कथित मारपीट से जुड़ा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार होमगार्ड जवान अपनी गर्भवती बहन को प्रसव के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी सुरक्षा कर्मियों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि सुरक्षा कर्मियों ने जवान के साथ मारपीट कर दी, जिससे उसके कान में गंभीर चोट आई। चिकित्सकों को उसके कान में कई टांके लगाने पड़े।
वायरल वीडियो के बाद फिर सवालों के घेरे में एम्स ऋषिकेश, पुलिस ने शुरू की जांच।
पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि जब गर्भवती महिला अपने भाई को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची तो उसके साथ भी अभद्रता की गई और धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की गई। घटना के बाद दोनों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और होमगार्ड विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे तथा पीड़ितों से घटना की जानकारी ली। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है और एम्स की सुरक्षा व्यवस्था तथा सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी।
इस घटना ने एक बार फिर यह बहस छेड़ दी है कि मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करने के लिए अस्पताल प्रशासन को अपनी व्यवस्थाओं की समीक्षा करनी चाहिए, ताकि उपचार के लिए आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति का सामना न करना पड़े।
