उत्तराखंड

बारिश से पहले तैयारी पूरी, आपदा से निपटने को यूपीसीएल अलर्ट।

ब्यूरों रिपोर्ट

देहरादून।  मानसून सत्र के दौरान बिजली व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और संभावित आपदाओं से निपटने के लिए उत्तराखंड सरकार ने सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के चीफ इंजीनियर और अधीक्षक अभियंता युद्धवीर तोमर ने शनिवार को चकराता क्षेत्र के हरिपुर, साहिया और कोटी कॉलोनी का निरीक्षण कर आपदा तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन क्षेत्रों का विशेष रूप से आकलन किया, जहां पिछले वर्ष मानसून के दौरान भारी नुकसान हुआ था। वहीं, बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण हरिपुर स्थित यूपीसीएल कार्यालय में बरसात का पानी भर गया। कर्मचारियों ने तत्काल मोटर लगाकर कार्यालय से पानी बाहर निकाला, जिससे किसी बड़े नुकसान से बचाव हो सका।

अधीक्षक अभियंता युद्धवीर तोमर ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर आपदा संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पिछले वर्ष आपदा का प्रभाव अधिक रहा था, वहां की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। साथ ही सभी विद्युत उपखंडों और कार्यालयों में ट्रांसफार्मर, बिजली के पोल, केबल सहित अन्य आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में बिजली आपूर्ति को शीघ्र बहाल किया जा सके।

उन्होंने कहा कि यूपीसीएल की टीमें मानसून के दौरान 24 घंटे सतर्क रहेंगी और किसी भी प्रकार की आपदा या बिजली संबंधी समस्या आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य है कि खराब मौसम के बावजूद आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो और विद्युत आपूर्ति सुचारु बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button