आपदा की मार से कराहा मयुंडा, पीड़ितों के बीच पहुंचीं मधू चौहान।

ब्यूरों रिपोर्ट
चकराता क्षेत्र की ग्राम सभा मयुंडा के अंतर्गत चाईला छानी, नाईगार्ड, गढ़ाड़ी, मइजुका और मिगाड़ में हाल ही में हुई भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है। प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों की कृषि भूमि, खेतों की क्यारियां और नगदी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। वहीं पशुधन को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है, जिससे ग्रामीणों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
आपदा की गंभीरता को देखते हुए भाजपा नेत्री एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधू चौहान ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा नुकसान का जायजा लिया।
इस दौरान मधू चौहान ने कहा कि इस कठिन समय में वह प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी हैं और प्रशासन व सरकार तक उनकी समस्याओं को पहुंचाकर हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आपदा से हुए नुकसान के उचित आकलन और राहत दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।

