धामी के दौरे से गदगद दिखीं मधू चौहान, बोलीं- चकराता के विकास को मिलेगी नई रफ्तार।

ब्यूरों रिपोर्ट, देहरादून
नागथात में आयोजित जौनसार-बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी ने क्षेत्रवासियों में नया उत्साह भर दिया। भाजपा नेत्री एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधू चौहान ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महोत्सव का आयोजन पिछले 35 वर्षों से लगातार होता आ रहा है और इस दौरान कई मुख्यमंत्री यहां पहुंचे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चकराता विधानसभा की वर्षों पुरानी महत्वपूर्ण मांगों को पूरा करने की दिशा में ऐतिहासिक घोषणाएं कर क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाई देने का कार्य किया है।
मधू चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मंच से की गई घोषणाएं केवल वादे नहीं, बल्कि चकराता के भविष्य को संवारने वाला रोडमैप हैं, जिनका लाभ आने वाली पीढ़ियों को भी मिलेगा।
वहीं महोत्सव समिति के अध्यक्ष नरेश चौहान ने आयोजन की विशेषता बताते हुए कहा कि यह महोत्सव 15 गांवों के लोगों के सामूहिक सहयोग से आयोजित किया जाता है, जो जौनसार-बावर की एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब नागथात क्षेत्र पानी की गंभीर समस्या से जूझता था, लेकिन भाजपा सरकार ने लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से नागथात पंपिंग पेयजल योजना को धरातल पर उतारकर दर्जनों गांवों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का काम किया। इसका सकारात्मक प्रभाव यह हुआ कि क्षेत्र में पर्यटन और होटल व्यवसाय को बढ़ावा मिला है, युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और पलायन पर भी प्रभावी अंकुश लगा है।
नरेश चौहान ने कहा कि विकास और सांस्कृतिक संरक्षण का यह संगम जौनसार-बावर को नई पहचान देने का काम कर रहा है।

