ऋषिकेश में मानवता की मिसाल: उफनती गंगा में डूब रही गाय को राफ्टर्स ने बचाया।
ब्यूरों रिपोर्ट
देहरादून । देवभूमि ऋषिकेश में गंगा की तेज धाराओं के बीच उस वक्त भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला, जब राफ्टिंग कर रहे युवकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना एक गाय की जिंदगी बचा ली।
बताया जा रहा है कि गंगा नदी में राफ्टिंग के दौरान कुछ युवकों की नजर नदी के बीच तेज बहाव में फंसी एक गाय पर पड़ी। गाय लगातार बहाव से जूझ रही थी और डूबने की कगार पर पहुंच चुकी थी। यह दृश्य देखते ही राफ्टिंग कर रहे युवक तुरंत उसकी मदद के लिए आगे बढ़े।
तेज धारा और जोखिम भरे हालात के बावजूद युवकों ने साहस दिखाते हुए गाय तक पहुंच बनाई। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने गाय को पानी से बाहर निकाला और अपनी राफ्टिंग बोट पर सुरक्षित बैठा लिया।
इसके बाद राफ्टर्स गाय को किनारे तक लेकर आए और सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। इस पूरे घटनाक्रम को वहां मौजूद लोगों ने मानवता, करुणा और सनातन संस्कृति की जीवंत मिसाल बताया।
गंगा की लहरों के बीच इंसानियत का यह दृश्य अब सोशल मीडिया पर भी लोगों का दिल जीत रहा है।
