पूर्व मुख्य सचिव का बेटा निकला फर्जी IPS, नौकरी और कंपनी रजिस्ट्रेशन के नाम पर 19.60 लाख की ठगी।

ब्यूरों रिपोर्ट
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्य सचिव एस. रामास्वामी के बेटे आर. यशोवर्धन को देहरादून पुलिस ने फर्जी आईपीएस अधिकारी बनकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को कभी आईपीएस, कभी सेना, RAW और CRPF का अधिकारी बताकर लोगों का विश्वास जीतता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक व्यक्ति से कंपनी रजिस्ट्रेशन के नाम पर 15 लाख रुपये और एक महिला वैज्ञानिक से रक्षा मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 4.60 लाख रुपये ठग लिए। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि यूपीएससी में असफल होने के बाद उसने फर्जी पहचान बनाकर लोगों को ठगना शुरू किया।
राजपुर थाना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 फर्जी आईडी कार्ड, 8 विजिटिंग कार्ड, पुलिस-सेना के 25 लोगो, तीन वर्दियां, वायरलेस सेट और लैपटॉप बरामद किया है। पुलिस डिजिटल रिकॉर्ड और बैंक खातों की जांच कर रही है। आशंका है कि आरोपी ने कई अन्य लोगों को भी नौकरी, टेंडर और प्रभावशाली संपर्कों का झांसा देकर ठगी की है। पुलिस ने संभावित पीड़ितों से आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

