गंभीर बीमारियों में आयुष्मान कवर बढ़ाने की मांग, मुख्यमंत्री से मिला जन संघर्ष मोर्चा।
ब्यूरों रिपोर्ट
देहरादून। कैंसर, हार्ट सर्जरी, किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में बढ़ते खर्च को देखते हुए जन संघर्ष मोर्चा ने आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाली बीमा राशि को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 से 20 लाख रुपये किए जाने की मांग उठाई है।
मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज में वर्तमान 5 लाख रुपये का आयुष्मान कवर बेहद अपर्याप्त साबित हो रहा है और कई परिवार इलाज के खर्च के आगे आर्थिक रूप से टूट जाते हैं।
नेगी ने सवाल उठाया कि जब वर्तमान और पूर्व विधायकों, मंत्रियों तथा उनके परिजनों को आजीवन चिकित्सा प्रतिपूर्ति की सुविधा उपलब्ध है, तो आम जनता को भी बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा क्यों नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता ही जनप्रतिनिधियों की “भाग्य विधाता” है, लेकिन सबसे अधिक संकट की घड़ी में वही आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित रह जाती है।
उन्होंने कहा कि कैंसर, हृदय रोग, किडनी फेलियर और लिवर ट्रांसप्लांट जैसी गंभीर बीमारियों में लाखों रुपये खर्च होते हैं।
ऐसे में आयुष्मान कार्ड का 5 लाख रुपये का कवर अक्सर नाकाफी साबित होता है। कई परिवार कर्ज में डूब जाते हैं, संपत्ति बेचने को मजबूर हो जाते हैं और कई मामलों में लोग समय पर इलाज न मिलने से जान भी गंवा देते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिनिधिमंडल को मामले पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।


