उत्तराखंड

चकराता विधानसभा में युद्धस्तर पर चल रहा SIR अभियान।

ब्यूरों रिपोर्ट/देहरादून।

चकराता। निर्वाचन आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) कार्यक्रम के तहत चकराता विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने का अभियान युद्धस्तर पर जारी है। विधानसभा के सभी 257 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं और जहां भी नाम, पिता के नाम, उम्र या अन्य विवरण में विसंगति मिल रही है, वहां सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 मतदाता सूची की त्रुटियां सुधारने के लिए घर-घर पहुंच रहे BLO, टूंगरा बूथ पर 141 लोगों को नोटिस।

इसी क्रम में टूंगरा स्थित बूथ संख्या-135 पर बड़ी संख्या में मतदाता सूची संबंधी त्रुटियां सामने आई हैं। यहां कुल 349 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 141 मतदाताओं को निर्वाचन आयोग की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं। जांच में पाया गया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची और उसके बाद तैयार हुई सूचियों में कई मतदाताओं के नाम एवं अन्य विवरणों में अंतर है, जिसे अब दुरुस्त किया जा रहा है।

बूथ लेवल अधिकारी आशा रावत ने मीडिया को बताया कि आयोग के निर्देशानुसार सभी प्रभावित मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज लिए जा रहे हैं। टीम घर-घर जाकर आधार, पहचान पत्र और अन्य जरूरी अभिलेखों का सत्यापन कर रही है, ताकि सभी नोटिसों का समय पर जवाब निर्वाचन आयोग को भेजा जा सके।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य किसी भी मतदाता का नाम हटाना नहीं, बल्कि मतदाता सूची को पूरी तरह सही और त्रुटिरहित बनाना है। सभी आवश्यक दस्तावेज प्राप्त होने के बाद आयोग के समक्ष संशोधित जानकारी प्रस्तुत की जाएगी, जिससे भविष्य में किसी भी मतदाता के नाम या विवरण में गलती की संभावना नहीं रहेगी।

निर्वाचन आयोग का यह विशेष अभियान चकराता विधानसभा के सभी 257 बूथों पर लगातार चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मतदाताओं के सहयोग से सूची को अधिक पारदर्शी और सटीक बनाया जा रहा है, ताकि आगामी चुनावों में प्रत्येक पात्र मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button