उत्तराखंड

केदारघाटी में टला बड़ा हादसा, खाई के मुहाने पर लटक गई श्रद्धालुओं से भरी बस।

ब्यूरों रिपोर्ट

रुद्रप्रयाग, 15 जून।

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया। फाटा क्षेत्र के जामू हेलीपैड के समीप 22 श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए खाई के मुहाने पर लटक गई। सौभाग्य से बस गहरी खाई में गिरने से पहले ही अटक गई, जिससे सभी यात्रियों की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के पुणे से आए श्रद्धालुओं को लेकर बस सोमवार सुबह करीब चार बजे जामू स्थित एक होटल से केदारनाथ हाईवे की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक तीखे मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस पैराफिट तोड़ते हुए खाई की ओर झुक गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस लगभग 100 मीटर गहरी खाई में समा सकती थी, लेकिन पैराफिट के अवशेषों और सड़क किनारे मौजूद संरचना में फंस जाने से बड़ा हादसा टल गया। बस के खाई की ओर झुकते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

संकट की इस घड़ी में बस चालक ने असाधारण धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया। उसने बिना घबराए एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। चालक की तत्परता और समझदारी के कारण एक संभावित त्रासदी टल गई।

घटना की सूचना मिलते ही फाटा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए बस को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है और सभी श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित हैं। बस के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में वाहन संचालन के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता को रेखांकित करती है। वहीं चालक की बहादुरी और सूझबूझ की यात्रियों तथा स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button