उत्तराखंड

बेटे की चाहत में बुझा दी बेटी की सांसें, इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात।

ब्यूरों रिपोर्ट

विकासनगर
समाज को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सहसपुर क्षेत्र से सामने आई है, जहां बेटे की चाहत में एक पति पर अपनी आठ माह की गर्भवती पत्नी के साथ क्रूरता की सारी हदें पार करने का आरोप लगा है। आरोप है कि गर्भ में बेटी होने की जानकारी मिलने के बाद पति ने पत्नी के पेट पर लात-घूंसे बरसाए, करंट लगाया और उसे मौत के मुहाने पर पहुंचा दिया। इस अमानवीय हिंसा के चलते गर्भ में पल रही बच्ची की मौत हो गई।

कोख में पल रही बेटी की हत्या का आरोप: बेटे की चाहत में पति बना हैवान, गर्भवती पत्नी को पीट-पीटकर पहुंचाया मौत के मुहाने पर।

पीड़िता फिलहाल दून अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। मंगलवार को चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर मृत बच्ची को बाहर निकाला।

गैरकानूनी लिंग परीक्षण के बाद बदला व्यवहार….!

पीड़िता के पिता शेर सिंह निवासी बालूवाला ने कोतवाली सहसपुर में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी सीमा की शादी सात वर्ष पहले बबलू नामक युवक से हुई थी। दंपति की पहले से दो बेटियां हैं। आरोप है कि इसी वजह से आरोपी पति तीसरी संतान के रूप में बेटे की उम्मीद लगाए बैठा था।

शिकायत के अनुसार, कुछ दिन पहले आरोपी पत्नी को जबरन पानीपत ले गया, जहां कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से भ्रूण का लिंग परीक्षण कराया गया। जांच में गर्भ में बेटी होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी का गुस्सा फूट पड़ा।

पेट पर बरसाए वार, करंट लगाकर मारने की कोशिश…..!

परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने पत्नी के पेट में लगातार लात-घूंसे मारे और यहां तक कि पानी से भरे टब में करंट लगाकर उसकी जान लेने की भी कोशिश की। गंभीर चोटों के कारण गर्भ में पल रही बच्ची की मौत हो गई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा……!

कोतवाल प्रदीप रावत ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button