जौनसार बावर में वन विभाग की कार्यवाही पर बवाल, बिना सूचना प्रवेश के खिलाफ ग्रामीणों की दो-टूक चेतावनी।

ब्यूरों रिपोर्ट
जौनसार बावर (देहरादून), 03 मार्च 2026।
जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर में वन विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा बिना पूर्व सूचना क्षेत्र में प्रवेश कर कार्रवाई किए जाने को लेकर क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसी मुद्दे पर आज खत बौन्दूर के राठू में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि जौनसार बावर परंपरागत रूप से संवेदनशील जनजातीय क्षेत्र है, जहाँ ग्राम सभा और स्थानीय रीति-रिवाजों का विशेष महत्व है। बिना ग्राम पंचायत या ग्राम सभा को सूचित किए विभागीय कार्रवाई करना न केवल जनभावनाओं को आहत करता है, बल्कि इससे क्षेत्र में अनावश्यक तनाव की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें…
बैठक में सर्वसम्मति से निम्न मांगें प्रशासन के समक्ष रखी गईं।
1- वन विभाग भविष्य में किसी भी प्रकार की जांच, मापन या कार्रवाई से पूर्व संबंधित ग्राम पंचायत/ग्राम प्रधान को लिखित सूचना दे।
2- सभी विभागीय कार्यवाही स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ही संपन्न की जाए।
3- जनजातीय अधिकारों एवं पारंपरिक व्यवस्थाओं का पूर्ण सम्मान सुनिश्चित किया जाए।
ग्रामीणों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में बिना सूचना क्षेत्र में प्रवेश या एकतरफा कार्रवाई के दौरान कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
बैठक के अंत में प्रशासन से मांग की गई कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि क्षेत्र में सौहार्द, पारंपरिक अधिकारों की गरिमा और विधि-व्यवस्था बनी रहे।