उत्तराखंड

बांकीपुर का संदेश: क्या भाजपा उत्तराखंड में जीतने वाले चेहरों पर लगाएगी दांव?

ब्यूरों रिपोर्ट , विक्रम सिंह।

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक गलियारों में सबसे अधिक चर्चा इस बात की है कि यदि पार्टी अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के बूथ तक पर बढ़त कायम नहीं रख सकी, तो यह केवल एक चुनावी हार नहीं, बल्कि संगठन और रणनीति पर पुनर्विचार का संकेत भी माना जा सकता है।

राजनीति में चुनाव केवल नारों और संगठनात्मक मजबूती से नहीं जीते जाते, बल्कि जनता के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले चेहरों से भी जीते जाते हैं। यदि पार्टी जमीनी स्तर पर लोकप्रिय नेताओं की जगह केवल संगठन में सक्रिय या शीर्ष नेतृत्व के करीबी लोगों को प्राथमिकता देती है, तो आने वाले विधानसभा चुनावों में इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा उत्तराखंड की उन पांच विधानसभा सीटों पर विशेष फोकस कर रही है, जहां आज तक उसे जीत नहीं मिली है। इनमें चकराता, धारचूला, जसपुर, पिरान कलियर और मंगलौर शामिल हैं। सवाल यह है कि क्या इन सीटों पर पार्टी ऐसे उम्मीदवार उतारेगी, जिन्हें जनता अपना नेता मानती है, या फिर टिकट चयन में पुराने समीकरण ही हावी रहेंगे?

यदि चकराता विधानसभा सीट की बात करें तो यहां भाजपा के लिए कांग्रेस का लंबा राजनीतिक वर्चस्व तोड़ने का अवसर मौजूद है। लेकिन इसके लिए पार्टी को ऐसा चेहरा सामने लाना होगा, जिसकी स्वीकार्यता समाज के हर वर्ग में हो।

इस संदर्भ में मधु चौहान का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। स्थानीय स्तर पर उनकी सक्रियता और जनसंपर्क उन्हें अलग पहचान दिलाता है। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और ग्रामीणों के बीच उनकी सहज पहुंच और संवाद की क्षमता उनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है।

हाल ही में इसका एक उदाहरण भी देखने को मिला, जब लगातार बारिश और लगभग सात घंटे तक सड़क बंद रहने जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद एक गांव के लोग सुबह घर से निकलकर शाम तक इंतजार करते रहे और अंततः मधु चौहान की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। यह घटना इस बात का संकेत मानी जा सकती है कि उनके प्रति लोगों का भावनात्मक जुड़ाव कितना मजबूत है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि कोई नेता विपरीत परिस्थितियों में भी लोगों को अपने साथ जोड़ने की क्षमता रखता है, तो वह किसी भी दल के लिए चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण हो सकता है।

भाजपा यदि उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक का सपना साकार करना चाहती है, तो उसे टिकट वितरण में जीत की संभावना और जनस्वीकार्यता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। संगठन में सक्रिय होना निश्चित रूप से महत्वपूर्ण है, लेकिन चुनाव अंततः जनता के बीच लड़े और जीते जाते हैं।

बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम भाजपा के लिए केवल एक सीट की हार नहीं, बल्कि एक राजनीतिक संदेश भी हो सकता है—जनता उन नेताओं को आगे देखना चाहती है, जिनकी पकड़ जमीन पर मजबूत हो। यदि पार्टी इस संदेश को समझकर लोकप्रिय और जीतने वाले चेहरों पर दांव लगाती है, तो उत्तराखंड सहित आगामी राज्यों के चुनावों में उसे लाभ मिल सकता है। अन्यथा केवल केंद्रीय नेतृत्व की लोकप्रियता के भरोसे हर चुनाव जीतना पहले की तुलना में कहीं अधिक कठिन होता जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button