उत्तराखण्ड पुलिस को मिला राष्ट्रपति पुलिस निशान, देश का 16वां राज्य बना उत्तराखण्ड।

ब्यूरों रिपोर्ट
देहरादून। उत्तराखण्ड पुलिस के गौरवशाली इतिहास में शुक्रवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। रिजर्व पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस निशान से अलंकृत किया। यह सम्मान हासिल करने वाला उत्तराखण्ड देश का 16वां राज्य बन गया है।
इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस ने अपनी सेवा, समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाई है। चारधाम यात्रा, कुंभ आयोजन, पर्यटन सुरक्षा और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान पुलिस का योगदान सराहनीय रहा है। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, आधुनिक तकनीक और फॉरेंसिक व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपति पुलिस निशान को उत्तराखण्ड पुलिस के साहस, शौर्य और जनसेवा की राष्ट्रीय मान्यता बताते हुए सभी पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिस बल की जिम्मेदारी और जनविश्वास को और मजबूत करेगा।
समारोह में विशिष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पदक देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्तराखण्ड पुलिस के विशेष डाक आवरण और पुलिस पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

