खेत में पानी छोड़ने के विवाद में युवक की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार।
ब्यूरों रिपोर्ट
विकासनगर/सहसपुर, 14 जून। सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी छोड़ने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार 13 जून की शाम बैरागीवाला गांव में खेत में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ मारपीट कर दी। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान विनोद कुमार की मृत्यु हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। पिछले दो-तीन दिनों से खेतों में पानी छोड़ने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई थी।
मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर सहसपुर कोतवाली में रज्जाक, अमन, यूनूस, जावेद, इम्तियाज, शहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, इंतेजार समेत 30-40 अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चार आरोपियों रज्जाक पुत्र मासूम, सलमान पुत्र यूनुस, जावेद पुत्र मासूम और शहबाज पुत्र शहीद को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी बैरागीवाला गांव के निवासी हैं।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
इस बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्रवासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

