उत्तराखंड

बैरागीवाला हत्याकांड के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, आरोपियों के निर्माण पर चला बुलडोजर।

ब्यूरों रिपोर्ट

विकासनगर, 14 जून। विकासनगर के बैरागीवाला गांव में भाजपा ओबीसी मोर्चा के सह सोशल मीडिया प्रभारी विनोद कश्यप की हत्या के बाद प्रशासन ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों से जुड़े अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

शनिवार देर रात बैरागीवाला गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। घटना में विनोद कश्यप की मौत हो गई, जबकि उनके परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभाला। देर रात से ही क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती कर दी गई। रविवार को जिला प्रशासन की टीम राजस्व विभाग और पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची और आरोपियों से जुड़े अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने हत्या के मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, विनोद कश्यप की हत्या को लेकर क्षेत्र में आक्रोश बना हुआ है। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी है। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई है।

कौन थे विनोद कश्यप?….

विनोद कश्यप भाजपा ओबीसी मोर्चा से जुड़े हुए थे और संगठन में सह सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। क्षेत्र में उनकी सक्रिय सामाजिक और राजनीतिक पहचान थी। उनकी हत्या के बाद समर्थकों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।

पुलिस की कार्रवाई…

हत्या का मुकदमा दर्ज।
नामजद आरोपियों की तलाश जारी।
कई पुलिस टीमें गठित।
क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात।
अवैध निर्माणों पर प्रशासन की कार्रवाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button