हरिद्वार चम्पावत उत्तरकाशी में विकास परियोजनाओं को मिली गति, करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास।
ब्यूरों रिपोर्ट
देहरादून । उत्तराखंड में बुनियादी ढांचे और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाते हुए विभिन्न विभागों के तहत करोड़ों रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं में प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर के विकास को भी गति देने का प्रयास किया जा रहा है।
चम्पावत में होमगार्ड्स कार्यालय भवन का निर्माण
गृह (होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा) विभाग के अंतर्गत जनपद चम्पावत में ₹2.24 करोड़ की लागत से जिला कमाण्डेन्ट, होमगार्ड्स कार्यालय के अनावासीय भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस भवन के निर्माण से जिले में होमगार्ड्स और नागरिक सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने में सुविधा मिलेगी।
उत्तरकाशी में भी बनेगा नया कार्यालय भवन
इसी क्रम में जनपद उत्तरकाशी में भी गृह (होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा) विभाग के तहत ₹2.74 करोड़ की लागत से जिला कमाण्डेन्ट, होमगार्ड्स कार्यालय के अनावासीय भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इससे आपदा प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा से जुड़े कार्यों को और सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।
हरिद्वार गंगा कॉरिडोर परियोजना को बड़ा बल
नियोजन (UIIDB) विभाग के अंतर्गत हरिद्वार में चल रही हरिद्वार गंगा कॉरिडोर परियोजना के तहत दो महत्वपूर्ण कार्यों की भी शुरुआत की गई।
₹43.25 करोड़ की लागत से Rodibelwala Area Revitalization (Administrative Road Corridor Development) परियोजना का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र के प्रशासनिक रोड कॉरिडोर का समग्र विकास और सौंदर्यीकरण करना है।
वहीं ₹60.34 करोड़ की लागत से सती कुण्ड पुनर्विकास परियोजना का भी शिलान्यास किया गया। इस परियोजना के तहत सती कुण्ड क्षेत्र का पुनर्विकास कर उसे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अधिक सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाएगा।
धार्मिक पर्यटन और प्रशासनिक ढांचे को मजबूती
इन परियोजनाओं के माध्यम से जहां एक ओर प्रशासनिक संस्थानों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार होगा, वहीं हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर के विकास से धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
