जौनसार-बावर की गूंज अब दिल्ली बार काउंसिल तक!…..
ब्यूरों रिपोर्ट, देहरादून
देश की सबसे बड़ी बार काउंसिल Bar Council of Delhi (BCD) — के चुनाव में इस बार जौनसार-बावर का परचम लहराने की पूरी संभावना नजर आ रही है। करीब 1 लाख से अधिक पंजीकृत अधिवक्ताओं वाली इस प्रतिष्ठित संस्था में अनुमानित 50 से 60 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सात वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हो रहे इस चुनाव में कुल 25 सीटें दांव पर हैं, जिनमें 7 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
इस ऐतिहासिक चुनाव में पहली बार जौनसार-बावर से दो सशक्त चेहरे मैदान में हैं।
एडवोकेट राजपाल सिंह रावत (ग्राम बुल्हाड़, खत भरम)
एडवोकेट श्रीमती सपना चौहान (ग्राम लखवाड़)
दोनों प्रत्याशी बार काउंसिल ऑफ दिल्ली के मेंबर पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। जौनसार-बावर के लिए यह गर्व का क्षण है कि राजधानी की न्यायिक व्यवस्था में भी अब इस क्षेत्र की भागीदारी और प्रभाव बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाया जा रहा है। वर्तमान में जौनसार-बावर से लगभग 10 से 12 अधिवक्ता दिल्ली में प्रैक्टिस कर रहे हैं और BCD के पंजीकृत सदस्य हैं।
चुनाव प्रक्रिया 21, 22 और 23 फरवरी को Delhi High Court परिसर में हाई कोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में संपन्न हो रही है। मतगणना 25 फरवरी से प्रारंभ होगी और परिणाम आने में कुछ समय लग सकता है।
राजनीतिक नहीं, बल्कि पेशेवर प्रतिनिधित्व की इस लड़ाई में जौनसार-बावर की मजबूत उपस्थिति यह संकेत दे रही है कि पहाड़ की प्रतिभाएं अब हर मंच पर अपनी पहचान दर्ज करा रही हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि कम से कम एक प्रतिनिधि तो जौनसार-बावर से विजयी होकर अवश्य पहुंचेगा।
दोनों प्रत्याशियों एडवोकेट राजपाल सिंह रावत और एडवोकेट श्रीमती सपना चौहान को इस महत्वपूर्ण चुनाव के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ।
जौनसार-बावर की यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए नई राह खोल सकती है।